नए साल की शुरुआत में रूस पर यूक्रेनी ड्रोन हमला, 24 की मौत और 50 घायल

International: नए साल की शुरुआत के साथ ही रूस-यूक्रेन युद्ध और तेज हो गया। रूस के अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन ने खेरसॉन क्षेत्र में रूस के कब्जे वाले एक गांव पर ड्रोन हमला किया, जिसमें 24 लोगों की मौत हो गई और करीब 50 लोग घायल हुए।
बताया गया है कि काला सागर तट पर स्थित रिसॉर्ट कस्बे खोरली में एक कैफे और होटल को निशाना बनाकर तीन ड्रोन दागे गए। इनमें से एक ड्रोन में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग भी लग गई।
रूस द्वारा नियुक्त क्षेत्रीय प्रमुख व्लादिमीर साल्दो ने हमले की पुष्टि करते हुए इसे नागरिक ठिकानों पर हमला बताया। हालांकि, यूक्रेन की ओर से इन दावों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई और स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। रूसी नेताओं ने हमले की कड़ी निंदा की है। संसद के उच्च सदन की अध्यक्ष वैलेन्तीना मत्विएन्को ने कहा कि इस घटना ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान को तेजी से पूरा करने के संकल्प को मजबूत किया है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब दोनों देशों के बीच शांति वार्ता को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक प्रयास जारी हैं, लेकिन जमीनी हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
