नेपाल में बड़ा विमान हादसा टला: 55 यात्रियों से भरा विमान रनवे से फिसला

Nepal: नेपाल में शुक्रवार शाम एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। बुद्ध एयर का एक यात्री विमान भद्रपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और करीब 200 मीटर आगे जाकर घास के मैदान में रुक गया। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, बुद्ध एयर की फ्लाइट संख्या 901 ने काठमांडू से स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:23 बजे उड़ान भरी थी। यह विमान रात लगभग 9:08 बजे झापा जिले के भद्रपुर एयरपोर्ट पर उतर रहा था। लैंडिंग के समय विमान का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वह रनवे को पार करते हुए एयरपोर्ट के किनारे मौजूद घास वाले क्षेत्र में जा घुसा।
विमान में कुल 51 यात्री सवार थे, जबकि चालक दल में 4 सदस्य शामिल थे। गनीमत रही कि हादसे के दौरान किसी को चोट नहीं आई। बताया जा रहा है कि रनवे के पास ही एक नदी बहती है, अगर विमान समय पर नहीं रुकता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
विमान के रनवे से बाहर निकलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि पायलट की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले से बड़ा नुकसान टल गया। फ्लाइट को कैप्टन शैलेश लिंबू उड़ा रहे थे।
झापा के मुख्य जिला अधिकारी शिवराम गेलाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में कोई भी यात्री या क्रू सदस्य घायल नहीं हुआ है। सभी लोगों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
