500 रुपये का नोट बंद नहीं होगा, वायरल दावों पर सरकार की बड़ी सच्चाई

सोशल मीडिया पर इन दिनों 500 रुपये के नोट को लेकर एक भ्रामक खबर तेजी से फैल रही है। वायरल पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मार्च 2026 के बाद 500 रुपये के नोट बंद कर दिए जाएंगे और एटीएम से भी इनकी सप्लाई रोक दी जाएगी। इन दावों के चलते लोगों में भ्रम और चिंता का माहौल बन गया है।
इस अफवाह पर अब सरकार ने स्थिति साफ कर दी है। प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने इस खबर को पूरी तरह फर्जी बताया है। PIB ने स्पष्ट किया है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 500 रुपये के नोट को चलन से बाहर करने का कोई फैसला नहीं लिया है और न ही एटीएम से इन नोटों को हटाने का कोई निर्देश जारी हुआ है।
PIB के मुताबिक, 500 रुपये के नोट पूरी तरह वैध हैं और देशभर में पहले की तरह चलते रहेंगे। सरकार ने यह भी कहा कि RBI समय-समय पर करेंसी मैनेजमेंट से जुड़े मामलों की समीक्षा करता है, लेकिन इसका मतलब किसी नोट को बंद करना नहीं होता।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और करेंसी से जुड़े अपडेट सिर्फ आधिकारिक स्रोतों से ही लें।
