Grok AI पर अश्लील कंटेंट का आरोप, भारत सरकार ने एलन मस्क की कंपनी X को 72 घंटे का अल्टिमेटम

भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा नोटिस जारी किया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने एलन मस्क की कंपनी को उसके एआई टूल Grok के जरिए महिलाओं की अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें बनाए जाने की शिकायतों के बाद यह चेतावनी दी है। सरकार ने कंपनी से 72 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।
मंत्रालय ने कहा है कि एक्स आईटी एक्ट 2000 और आईटी नियम 2021 के तहत अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से पालन करने में विफल रहा है। नोटिस में इस बात पर गंभीर चिंता जताई गई है कि Grok AI का दुरुपयोग कर महिलाओं से जुड़ा अभद्र, अश्लील और यौन प्रकृति का कंटेंट तैयार किया जा रहा है, जो उनकी गरिमा और निजता का उल्लंघन है।
सरकार ने एक्स को Grok के तकनीकी और गवर्नेंस फ्रेमवर्क की गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह का गैरकानूनी कंटेंट बनने से रोका जा सके। साथ ही आपत्तिजनक सामग्री को बिना सबूतों से छेड़छाड़ किए तुरंत हटाने और नियम तोड़ने वाले यूजर्स के अकाउंट सस्पेंड या स्थायी रूप से बंद करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार ने साफ किया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को कानून के तहत अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी।
