अमृतसर में AAP सरपंच झरमल सिंह की शादी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या, बदमाश फरार
अमृतसर। तरनतारन जिले के वलटोहा गांव के सरपंच और आम आदमी पार्टी (AAP) नेता झरमल सिंह की शादी समारोह के दौरान सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें हमलावरों का बेखौफ अंदाज और सुरक्षा व्यवस्था की चूक साफ दिखाई दे रही है।
पुलिस के अनुसार, झरमल सिंह समारोह में बैठे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावर अंदर घुसकर उनके सिर में बेहद करीब से गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगते ही माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। झरमल सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।
इस हत्या की जिम्मेदारी कुख्यात बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली है, जिससे पंजाब की राजनीति और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना ने राज्य में सुरक्षा की स्थिति और राजनीतिक माहौल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

