इंडो-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 75 कोरेक्स के साथ दो नेपाली तस्कर गिरफ्तार

0

सोनबरसा (सीतामढ़ी):
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। 51वीं बटालियन SSB के जवानों ने 75 पीस प्रतिबंधित नशीली दवा कोरेक्स के साथ दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक स्कूटी भी जब्त की गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, असिस्टेंट कमांडेंट सुमित कुमार के नेतृत्व में SSB की गश्ती टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान पिलर संख्या 323/12 के पास भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक स्कूटी पर सवार दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को रोका और तलाशी ली।


तलाशी के दौरान उनके पास से 75 पीस नशीली दवा कोरेक्स बरामद की गई, जिसे अवैध रूप से सीमा पार ले जाने की कोशिश की जा रही थी। मौके से नेपाली नंबर की स्कूटी (सु.प.प्र 01-012 प 6924) को भी जब्त कर लिया गया।


पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के बागमती क्षेत्र निवासी विक्रम लामा (पिता: बुद्धि लामा) और पवन शाह (पिता: नंदलाल शाह) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में नशे की तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।


SSB ने बरामद नशीली दवा, जब्त स्कूटी और दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सोनबरसा थाना को सौंप दिया है। पुलिस एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि सीतामढ़ी जिले का सोनबरसा इलाका भारत-नेपाल सीमा से सटा होने के कारण तस्करों की गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है।

हालांकि, SSB की सतर्कता और मुस्तैदी से लगातार नशे की तस्करी के प्रयासों को नाकाम किया जा रहा है। यह कार्रवाई सीमा सुरक्षा के साथ-साथ युवाओं को नशे से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

रिपोर्ट: नसीम अहमद,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed