सीतामढ़ी के सज्जाद अंसारी उर्फ प्रिंस ने अयोध्या में रचा इतिहास, अयोध्या महोत्सव में गायन प्रतियोगिता जीती

0

सीतामढ़ी न्यूज:
बिहार के सीतामढ़ी जिले के प्रतिभाशाली गायक सज्जाद अंसारी उर्फ प्रिंस ने संगीत की दुनिया में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अयोध्या महोत्सव में आयोजित प्रतिष्ठित गायन प्रतियोगिता में अपने दमदार और भावपूर्ण प्रदर्शन से उन्होंने निर्णायक मंडल और हजारों दर्शकों का दिल जीतते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।


इस शानदार सफलता पर अयोध्या प्रशासन एवं उत्तर प्रदेश टूरिज्म विभाग की ओर से सज्जाद अंसारी उर्फ प्रिंस को शिल्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान मौजूद अतिथियों और संगीत प्रेमियों ने उनकी गायकी की जमकर सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


गुरुओं और माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय
अपनी जीत के बाद प्रिंस ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने सभी गुरुजनों को दिया। उन्होंने विशेष रूप से अपने संगीत गुरु संजय कुमार सिंह तथा माता-पिता के सहयोग, आशीर्वाद और मार्गदर्शन को अपनी सफलता की मजबूत नींव बताया।

प्रिंस ने कहा कि परिवार और गुरुओं का समर्थन ही उन्हें निरंतर बेहतर करने की प्रेरणा देता है।
पहले भी कर चुके हैं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां
गौरतलब है कि सज्जाद अंसारी उर्फ प्रिंस इससे पहले भी कई राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तरीय संगीत प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने टीवी रियलिटी शो में भाग लेकर भी सीतामढ़ी जिले का नाम देशभर में रोशन किया है।


सीतामढ़ी के लिए गर्व का क्षण
अयोध्या महोत्सव में मिली यह जीत न सिर्फ प्रिंस के करियर की एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि पूरे सीतामढ़ी जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी इस सफलता से जिले के युवा कलाकारों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।

 

रिपोर्ट: नसीम अहमद,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed