एसपी के निर्देश पर सीतामढ़ी में सख्त ट्रैफिक चेकिंग, चौक-चौराहों पर रोको-टोको अभियान तेज

सीतामढ़ी:
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देश पर सीतामढ़ी जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा सघन रोको-टोको एवं वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, वहीं वाहनों की गहन जांच कर ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन, बीमा, हेलमेट और सीट बेल्ट सहित सभी आवश्यक कागजातों की जांच की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।

इसके साथ ही पुलिस कर्मी वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, अपराधियों की धरपकड़ और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
