सीतामढ़ी में डीएम का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब डॉक्टर पर हुई कड़ी कार्रवाई

सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बुधवार की देर शाम स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के उद्देश्य से बथनाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचते ही अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अमित को उनके निर्धारित कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाया गया। इस गंभीर लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से डॉक्टर का वेतन स्थगित करने तथा उनसे स्पष्टीकरण तलब करने का सख्त निर्देश दिया।

डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मरीजों की सेवा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही एक अन्य चिकित्सक डॉ. जोराब आज़म द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने भविष्य में ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी व्यवस्था और अनुशासन से समझौता किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण को स्वास्थ्य व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
