पुलिसकर्मी और पत्रकार पर गैंगरेप का गंभीर आरोप, दो घंटे तक चलती गाड़ी में दरिंदगी

National: शहर में सामने आए एक गंभीर और सनसनीखेज मामले ने कानून व्यवस्था और मीडिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सचेंडी थाना क्षेत्र की एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया है कि उसे स्कॉर्पियो वाहन में जबरन अगवा किया गया और सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के अनुसार, इस घटना में एक पुलिस दरोगा और एक स्थानीय पत्रकार शामिल था।
पीड़िता का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी उसे घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी दरोगा अब भी फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी पत्रकार शिवबरन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी बताए जा रहे दरोगा अमित मौर्या अब तक फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
लापरवाही पर अफसरों पर कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कड़ा कदम उठाया है।
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
डीसीपी वेस्ट दिनेश चंद्र त्रिपाठी को पद से हटाकर डीसीपी मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
आरोपी पत्रकार ने आरोपों से किया इनकार
गिरफ्तारी के बाद पत्रकार शिवबरन ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपों को साजिश करार दिया है। उसका कहना है कि उसने पीड़िता को कभी देखा तक नहीं। आरोप है कि उसे दरोगा अमित मौर्या ने लोहा चोरी के एक मामले में आरपीएफ इंस्पेक्टर से मिलने के लिए बुलाया था। वह बाइक से वहां पहुंचा था, तभी कुछ लोग अपनी बहन की तलाश में पहुंचे और भीड़ के बीच उसका नाम भी लिखवा दिया गया। आरोपी ने निष्पक्ष जांच और मेडिकल जांच की मांग की है।
कई सवाल अब भी बाकी
इस मामले में अब भी कई अहम सवाल अनुत्तरित हैं—
फरार दरोगा अमित मौर्या कब गिरफ्तार होगा?
क्या गिरफ्तारी के बाद कोई नया खुलासा सामने आएगा?
वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही सफेद स्कॉर्पियो किसकी थी?
आरोप साजिश हैं या फिर वाकई रक्षक ही भक्षक बन गए?
फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। पूरे मामले पर शहर की नजरें टिकी हैं और दरोगा की गिरफ्तारी के बाद ही इस सनसनीखेज प्रकरण से पर्दा पूरी तरह उठ पाएगा।
