भारतीय रेलवे की सौगात: 122 नई ट्रेनें पटरी पर, यात्रियों को मिलेगा तेज़ सफर.
भारतीय रेलवे ने नए साल 2026 की शुरुआत यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी के साथ की है। रेलवे ने इस साल 122 नई ट्रेनों को पटरी पर उतारने का फैसला किया है। इसके साथ ही देशभर में 569 ट्रेनों की गति बढ़ाई गई है, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और सफर पहले से ज्यादा तेज़ और सुविधाजनक होगा।
रेलवे ने 2026 का नया टाइम टेबल जारी कर दिया है। इस साल 26 अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत की जा रही है, जिनका उद्देश्य आम यात्रियों को किफायती और आरामदायक सफर देना है। वहीं, सेमी-हाई-स्पीड कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 28 नई वंदे भारत ट्रेनें भी शुरू की जाएंगी।

इसके अलावा 60 नई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू होंगी, जिनमें राजधानी, जन शताब्दी, हमसफर और नमो भारत रैपिड रेल जैसी सेवाएं शामिल हैं।
जोनवार बदलावों की बात करें तो पूर्व मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे में सबसे ज्यादा 20-20 नई ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
दक्षिण पश्चिम रेलवे में 117 ट्रेनों की स्पीड बढ़ाई गई है, जिनमें से 8 को सुपरफास्ट का दर्जा मिला है। उत्तर पश्चिम रेलवे में 89 ट्रेनों की गति बढ़ी है, जबकि उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे में 10 नई ट्रेनें शुरू कर 36 ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई गई है।
