माता जानकी की नगरी को आधुनिक तोहफा, सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन बनेगा वर्ल्ड क्लास
सीतामढ़ी | मिथिला की पावन धरती और माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है। जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशन सीतामढ़ी को 255 करोड़ रुपये की लागत से वर्ल्ड क्लास स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
रेलवे की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत स्टेशन पर भव्य और आधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। प्लेटफॉर्म को चौड़ा, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पेयजल सुविधा, डिजिटल सूचना बोर्ड, एस्केलेटर, लिफ्ट और बेहतर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक निगरानी प्रणाली लगाई जाएगी। इस परियोजना से न केवल यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, बल्कि इससे जिले के पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
माता जानकी नगरी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह स्टेशन एक आधुनिक और भव्य प्रवेश द्वार बनेगा। यह परियोजना सीतामढ़ी के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
