सीतामढ़ी में पैंथर मोबाइल पर गंभीर आरोप, DGP निर्देशों की अनदेखी — युवक से मारपीट और ₹5000 का चालान

0
img-20260110-wa00117542677806192255756.jpg

सीतामढ़ी | जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर थाना क्षेत्र में पैंथर मोबाइल में तैनात पुलिसकर्मियों पर एक बाइक सवार युवक के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और मनमानी कार्रवाई का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि यह पूरी घटना बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनदेखी में हुई, जिससे आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।


पीड़ित युवक विक्की कुमार, निवासी रंजीतपुर (पुनौरा थाना क्षेत्र), ने बताया कि वह अपनी अपाचे बाइक सर्विसिंग के बाद डुमरा से सरावगी चौक स्थित दुकान लौट रहा था। रास्ते में चकमहिला के पास एक परिचित मिलने पर उसने उसे बाइक पर बैठा लिया। सरावगी चौक के पास पैंथर मोबाइल के जवानों ने बाइक रोककर कागजात की जांच की। युवक का आरोप है कि सभी वैध कागजात दिखाने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।


आरोप के अनुसार, इसके बाद उसे बाइक सहित नगर थाना ले जाया गया, जहां ₹5000 का चालान थमा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि यदि कोई नियम उल्लंघन था तो नियमानुसार चालान किया जाना चाहिए था, मारपीट और बदसलूकी क्यों की गई।


मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कहा कि प्रकरण की जानकारी अभी उन्हें नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पुलिस की जवाबदेही और आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

रिपोर्ट:नसीम अहमद,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed