बिहार में भीषण शीत लहर का कहर, तापमान 4 डिग्री तक गिरा, जनजीवन अस्त-व्यस्त

0
2026_1image_08_00_523874263aajkamausam4january20262767285866595607810.jpg

बिहार इस समय कड़ाके की ठंड और शीत लहर की चपेट में है। इस बार ठंड ने कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिन हो या रात, तापमान लगातार गिरता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।


4 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान
पिछले कई दिनों से बिहार के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। गयाजी में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां पारा गिरकर 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ठंड की वजह से रात के समय लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।


दिन में भी नहीं मिल रही राहत
ठंड का असर केवल रात तक सीमित नहीं है। दिन के समय भी सर्द हवाओं और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वाल्मीकिनगर में दिन का अधिकतम तापमान मात्र 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए असामान्य माना जा रहा है। कई वर्षों बाद बिहार में ऐसी स्थिति बनी है, जब दिन और रात दोनों समय भीषण ठंड पड़ रही है।

 

बिहार मौसम रिपोर्ट (नवीनतम आंकड़े)
9 जनवरी
न्यूनतम अधिकतम तापमान: 11.2°C (वाल्मीकिनगर)
उच्चतम अधिकतम तापमान: 19.1°C (जीरादेई)
10 जनवरी
उच्चतम अधिकतम तापमान: 23.3°C (औरंगाबाद)
दिन का न्यूनतम तापमान: 14.2°C (वाल्मीकिनगर)
वाल्मीकिनगर में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर मात्र 40 मीटर रह गई।


इन जिलों में रहा शीत दिवस
10 जनवरी को भीषण शीत दिवस घोषित जिलों में शामिल हैं:
पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण।
कोल्ड डे जैसी स्थिति सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में बनी रही, जहां दिनभर कोहरा छाया रहा।


आज का मौसम: 11 जनवरी
मौसम विभाग के अनुसार, आज भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
हालांकि पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल और अररिया में ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है, इसलिए यहां कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

12 जनवरी से ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 जनवरी से पूरे बिहार में शीत लहर और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति 14 जनवरी तक बनी रह सकती है। 15 जनवरी से मौसम में कुछ सुधार होने की संभावना जताई गई है।


बिहार के सबसे ठंडे जिले (नवीनतम)
गयाजी – 4.2°C
औरंगाबाद – 4°C
नालंदा – 5.2°C
शेखपुरा – 5.7°C
देहरी और सबौर – 6°C

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed