उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर, राजस्थान से दिल्ली तक टूटा रिकॉर्ड, पारा शून्य से नीचे…

0
2026_1image_08_00_523874263aajkamausam4january20262767285866595607810.jpg

Weather: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को शीतलहर और तेज हो गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।


राजस्थान में माइनस तापमान, खेतों और छतों पर जमी बर्फ
राजस्थान के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। सीकर जिले के फतेहपुर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में तेज गिरावट के कारण खेतों और घरों की छतों पर बर्फ की परत जम गई, जिससे फसलों को भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।


दिल्ली के पालम में 13 साल का रिकॉर्ड टूटा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। पालम इलाके में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 13 वर्षों में सबसे कम है। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को पालम में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।


दिल्ली में आयानगर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा।


मौसम विभाग का अलर्ट, शीतलहर जारी रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


हिमाचल में जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा पारा
हिमाचल प्रदेश में भी ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंडी जिले के सराज क्षेत्र में कई जगह पेयजल पाइप में पानी जम गया है, जिससे लोगों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है।


रविवार सुबह बिलासपुर, पांवटा साहिब, ऊना और सुंदरनगर में घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश के पांच स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में माइनस 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed