सीतामढ़ी के नानपुर थाना पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा
- सीतामढ़ी। नानपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई लगातार चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर, अछवां और मिर्जापुर में 06 जनवरी, 09 जनवरी और 11 जनवरी 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों को लेकर नानपुर थाना में कांड संख्या 08/26, 09/26 एवं 10/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर त्वरित छापेमारी करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के क्रम में आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी गया सामान बरामद किया गया। बरामद सामग्री को विधिवत जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है, ताकि अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता का भी पता लगाया जा सके। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नानपुर थाना पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में लोगों ने राहत महसूस की है और पुलिस की तत्परता व सक्रियता की सराहना की जा रही है।
