समृद्धि यात्रा से पहले सीतामढ़ी प्रशासन अलर्ट, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौरे को लेकर पुलिस की छुट्टियां रद्द
सीतामढ़ी:
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आगामी समृद्धि यात्रा को लेकर सीतामढ़ी जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री की यह यात्रा 19 जनवरी को प्रस्तावित है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की स्वीकृत छुट्टियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि कार्यक्रम की अवधि तक सभी संबंधित पदाधिकारी और पुलिस बल अपने-अपने कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, रूट लाइनिंग, कार्यक्रम स्थलों की सतत निगरानी और यातायात प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीतामढ़ी के साथ-साथ बेलसंड में भी विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन व निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर जिला स्तर पर लगातार समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके। अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
