सीतामढ़ी पुलिस केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों को मिला फील्ड क्राफ्ट व टैक्टिक्स का विशेष प्रशिक्षण
सीतामढ़ी में गुरुवार को पुलिस केंद्र, में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षु सिपाहियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं उपयोगी प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निरीक्षण उप–प्राचार्य सह पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) द्वारा प्रशिक्षुओं को फील्ड_क्राफ्ट एवं टैक्टिक्स से संबंधित प्रभावी, आधुनिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षुओं को मैदान में कार्य करते समय अपनाई जाने वाली रणनीतियों, परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित निर्णय लेने की कला, टीमवर्क, सतर्कता एवं सुरक्षा उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही वास्तविक परिस्थितियों का अनुकरण कर अभ्यास कराया गया, जिससे प्रशिक्षु सिपाही भविष्य में कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण तथा आपात स्थितियों में अधिक दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। निरीक्षण उप–प्राचार्य सह पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में केवल शारीरिक दक्षता ही नहीं, बल्कि रणनीतिक सोच, तकनीकी समझ और व्यवहारिक अनुभव भी अत्यंत आवश्यक है।

फील्ड क्राफ्ट एवं टैक्टिक्स का यह प्रशिक्षण प्रशिक्षुओं को जमीनी स्तर पर चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और सक्रिय सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षु सिपाहियों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया और इसे अपने भविष्य के कार्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
इस तरह के नियमित एवं उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रमों से बिहार पुलिस को एक सशक्त, दक्ष और तकनीकी रूप से सक्षम बल के रूप में और मजबूती मिलने की उम्मीद है, जो आम जनता की सुरक्षा एवं विश्वास को और सुदृढ़ करेगा।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
