सुरसंड प्रीमियर लीग सीजन-4 का शुभारंभ, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
सीतामढ़ी। सुरसंड नगर पंचायत की ओर से आयोजित प्रखंड स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट सुरसंड प्रीमियर लीग सीजन-4 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने किया। उद्घाटन के साथ ही खेल मैदान खिलाड़ियों और दर्शकों के उत्साह से गूंज उठा।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक प्रोफेसर नागेंद्र रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी और उपाध्यक्ष निरंजन मंडल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जदयू नेता मृत्युंजय नाथ ओझा, भाजपा नेता अरुण कुमार गुप्ता उर्फ मुन्ना गुप्ता, पूर्व मुखिया शैलेश झा सहित कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करना है। सुरसंड प्रीमियर लीग सीजन-4 को लेकर स्थानीय युवाओं और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
