Today Weather Update: उत्तर भारत में ठंड का कहर, दिल्ली-NCR में घना कोहरा, 18-19 जनवरी को UP में बारिश के आसार

0
image_editor_output_image-1719190498-17686213894465725640700337520988

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। शनिवार सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में हालात ऐसे रहे कि विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। घने कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।


मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के यूपी के शहरों में पारा 5 डिग्री तक गिरने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और कोहरे का यह सिलसिला जारी रह सकता है।


UP में बारिश बढ़ाएगी ठिठुरन
उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए मौसम विभाग ने अहम अपडेट जारी किया है। 18 और 19 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही घना कोहरा भी छाया रहेगा, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस होगी।


दिल्ली की हवा फिर खराब
दिल्ली में ठंड और कोहरे के साथ-साथ प्रदूषण भी चिंता का कारण बना हुआ है। अलीपुर, अशोक विहार और द्वारका जैसे इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है और सेहत के लिए खतरनाक माना जाता है।


पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज और बिगड़ने वाला है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। शिमला समेत हिमाचल के कई इलाकों में बर्फ गिर सकती है, जबकि उत्तराखंड के चमोली और उत्तरकाशी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।


राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी असर
राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। हालात को देखते हुए कई जिलों में छोटे बच्चों के स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed