ट्रंप का प्रधानमंत्री मोदी को निमंत्रण, ‘शांति बोर्ड’ में शामिल होने का आग्रह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक विशेष ‘शांति बोर्ड’ का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है। यह नया अंतरराष्ट्रीय मंच गाजा में स्थायी शांति स्थापित करने और वैश्विक स्तर पर जारी संघर्षों के समाधान के लिए एक नए और साहसिक दृष्टिकोण पर काम करेगा।
ट्रंप ने इस संबंध में प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र लिखा है, जिसे भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। पत्र में ट्रंप ने कहा कि मध्य पूर्व में शांति बहाल करने के इस ऐतिहासिक प्रयास में प्रधानमंत्री मोदी को शामिल करना उनके लिए सम्मान की बात है।

यह ‘शांति बोर्ड’ गाजा में इजरायल और हमास के बीच हुए युद्धविराम समझौते के दूसरे चरण के तहत सामने आया है। ट्रंप की शांति योजना पर दोनों पक्ष अक्टूबर में सहमत हुए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसी तरह के निमंत्रण कई अन्य विश्व नेताओं को भी भेजे हैं।
राजदूत सर्जियो गोर ने X पर लिखा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी को ट्रंप का निमंत्रण सौंपने का सम्मान मिला और यह बोर्ड गाजा में स्थायी शांति, प्रभावी शासन, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देगा। अपने पत्र में ट्रंप ने 29 सितंबर को गाजा संघर्ष समाप्त करने की व्यापक योजना और मध्य पूर्व में शांति के लिए अपने 20-सूत्रीय ढांचे का भी उल्लेख किया।
