अंधविश्वास फैलाने का आरोप: दलित पिछड़ा समाज संगठन ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत
दलित पिछड़ा समाज संगठन ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। संगठन का आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री अंधविश्वास को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे लोग वैज्ञानिक और चिकित्सकीय इलाज से दूर हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि झूठे और कथित चमत्कारी इलाज के प्रचार से कई लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दामोदर यादव ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस मामले में मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और भोपाल पुलिस आयुक्त को वीडियो सबूतों के साथ लिखित शिकायत सौंपी गई है। यादव ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री अपने बयानों के जरिए सांप्रदायिकता, छुआछूत और सामाजिक विभाजन को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे समाज में भय और हिंसा का माहौल बन रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो संगठन जबलपुर हाईकोर्ट का रुख करेगा। संगठन की मांग है कि धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज किया जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच कराई जाए, ताकि समाज में फैल रहे अंधविश्वास और नफरत पर सख्त कानूनी कदम उठाए जा सकें।
