सीतामढ़ी में गणतंत्र दिवस की तैयारी जोरों पर, हवाई अड्डा मैदान में परेड का फाइनल रिहर्सल
सीतामढ़ी। जिले में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 24 जनवरी 2026 को डुमरा स्थित हवाई अड्डा मैदान में परेड का पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कराया गया।

रिहर्सल के दौरान जिलाधिकारी रिची पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों की ड्रिल, अनुशासन, तालमेल और टर्नआउट का गहन अवलोकन किया गया।

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, टुकड़ियों के आपसी समन्वय तथा समारोह के सुचारु संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से जांच की। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर एवं तय मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं। प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया गया कि गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए लगभग सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है, ताकि गणतंत्र दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण एवं भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
