सीतामढ़ी में वसंत पंचमी महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ, डुमरा क्रिकेट ग्राउंड में सजी सांस्कृतिक शाम
सीतामढ़ी। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वसंत पंचमी महोत्सव–2026 का शुभारंभ डुमरा क्रिकेट ग्राउंड में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी रिची पांडेय एवं जिले के जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में रीगा विधायक बैधनाथ प्रसाद, परिहार विधायक गायत्री देवी, एमएलसी रेखा कुमारी, सीतामढ़ी विधायक सुनील कुमार पिंटू सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने वसंत पंचमी को ज्ञान, कला और संगीत का पर्व बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं।

महोत्सव के दौरान गणेश वंदना, बिहार गीत, भजन, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन वरीय शिक्षक व एंकर एस. एन. झा ने किया।

अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
