पुनौरा धाम में गंदगी देख भड़के जिलाधिकारी, नगर निगम अधिकारियों को फटकार — वेतन रोकने के निर्देश
सीतामढ़ी। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल पुनौरा धाम मंदिर परिसर में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की बदहाल स्थिति देखकर डीएम खास नाराज़ नजर आए।

निरीक्षण के दौरान स्वच्छता की कमी, बंद लाइट व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम की कार्यशैली पर तीखी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर आयुक्त एवं उप नगर आयुक्त से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा और संबंधित अधिकारियों के वेतन स्थगन का निर्देश जारी किया। वहीं उप नगर आयुक्त को कड़ी चेतावनी भी दी गई।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में नियमित रूप से चूना और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के निर्देश दिए, ताकि साफ-सफाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही बंद पड़े सभी लैंप पोस्ट को तुरंत चालू कराने का आदेश दिया गया, जिससे रात के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डीएम ने पेयजल व्यवस्था और शौचालय सुविधाओं के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया। साथ ही मंदिर परिसर की गरिमा बनाए रखने के लिए गुटखा और पान मसाला सेवन करने वालों पर सख्ती से जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रिची पांडेय ने स्पष्ट कहा कि धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशासन के इस सख्त रुख से साफ है कि पुनौरा धाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल की व्यवस्था को लेकर अब किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट: नसीम अहमद
