भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में सनसनीखेज डकैती, उपसचिव के घर से नकदी व जेवरात लूटे

0
image_editor_output_image-1800643765-17695385794937037847762533392079

सीतामढ़ी। भारत–नेपाल सीमा से सटे इलाके में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। हथियारबंद डकैतों ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के उपसचिव रामाश्रय प्रसाद यादव के आवास को निशाना बनाते हुए बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने करीब पांच लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लूट लिया।


घटना रविवार देर रात बेला थाना क्षेत्र की है, जहां लगभग डेढ़ दर्जन की संख्या में पहुंचे हथियारबंद डकैतों ने करीब आधे घंटे तक घर में आतंक मचाया। अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को दहशत में रखकर आराम से पूरी वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी आशीष आनंद तथा बेला थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।


पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्र में हुई इस बड़ी घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्ती को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर गहन जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट: नसीम अहमद

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed