बेहतर समन्वय से आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यक्रम को मिलेगी मजबूती
सीतामढ़ी।
जिले में आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यक्रम को सशक्त बनाने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में जिला स्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक यूनिसेफ पटना, बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप (BIAG) / जीपीएसवीएस के तत्वावधान में एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में हुई। अध्यक्षता जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने की।

बैठक में शिक्षा, आईसीडीएस, स्वास्थ्य, पीएचईडी, जन सूचना, पंचायती राज, बाल संरक्षण विभाग, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यूनिसेफ के प्रोग्राम स्पेशलिस्ट ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण, मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम तथा GPDP के थीम 4 और 8 पर जानकारी दी।
जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने कहा कि आपदा पूर्व तैयारी में विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। बैठक में ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर आपदा से जुड़े बिंदुओं को शामिल करने तथा आगामी बाढ़ पूर्व तैयारी के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
