इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 : कदाचार पर जीरो टॉलरेंस, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई — डीएम
सीतामढ़ी।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय ने प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ सख्त ब्रीफिंग की। स्थानीय परिचर्चा भवन में आयोजित बैठक में सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक एवं उड़नदस्ता दंडाधिकारी, जोनल–सुपर जोनल दंडाधिकारी तथा वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ा विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कदाचार की किसी भी घटना में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी की व्यक्तिगत जवाबदेही तय होगी और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी तथा 200 मीटर की परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा अवधि में फोटोस्टेट, साइबर कैफे एवं चाय–पान की दुकानें बंद रहेंगी।

डीएम ने सोशल मीडिया पर अफवाहों को लेकर साइबर सेल एवं आईटी कोषांग को 24×7 निगरानी के निर्देश दिए। भ्रामक सूचना फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी, कड़ी जांच एवं सतत पर्यवेक्षण अनिवार्य किया गया है। परीक्षार्थियों के पास मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पाए जाने पर संबंधित वीक्षक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जूता–मोजा पहनकर प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।
इंटरमीडिएट परीक्षा जिले के 64 केंद्रों पर 02 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। परीक्षा अवधि के दौरान जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा।
स्वास्थ्य सुविधा, एंबुलेंस सेवा एवं यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं परीक्षा केंद्र परिसर में मीडिया के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 का सफल एवं कदाचारमुक्त आयोजन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
