इंटर परीक्षा की तैयारी पूरी: कल केंद्रों पर योगदान देंगे वीक्षक, कॉपियों की होगी बार-कोडिंग
Oplus_16908288
भागलपुर। इंटरमीडिएट सैद्धांतिक वार्षिक परीक्षा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 59 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के सफल संचालन के लिए 2209 शिक्षकों की वीक्षण कार्य में ड्यूटी लगाई गई है। सभी परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों को शनिवार (31 जनवरी) को अपने-अपने आवंटित केंद्रों पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

इंटर परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित होगी। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर केंद्राधीक्षक और दंडाधिकारी की भी तैनाती की गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि सभी केंद्राधीक्षकों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का मैनुअल उपलब्ध करा दिया गया है, जिसके अनुसार परीक्षा संचालन किया जाएगा।
यह भी पढे: इंटर परीक्षा: प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य, 2 से 13 फरवरी तक होगी परीक्षा
उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए कॉपियों की बार-कोडिंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जगलाल हाई स्कूल में एक स्ट्रांग रूम बनाया गया है, जहां जिले के सभी 59 केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाएं लाकर सुरक्षित रखी जाएंगी। इस स्ट्रांग रूम के नोडल पदाधिकारी डीपीओ माध्यमिक शिक्षा विनय कुमार सुमन और डीपीओ एसएसए बबीता कुमारी को बनाया गया है।

परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले वीक्षकों को केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। पहली पाली के लिए सुबह 7 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे तक वीक्षकों को केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का दावा किया है।
