सीतामढ़ी में नए स्वरूप में जनता दरबार, 96 मामलों की हुई सुनवाई
सीतामढ़ी। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन अब नए स्वरूप में किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत प्रखंड, अंचल, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जनता दरबार से जुड़ रहे हैं।

इसी कड़ी में शुक्रवार को जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में कुल 96 परिवादी उपस्थित हुए। लोगों ने भूमि विवाद, अर्जित भूमि का मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन, अतिक्रमण, भूमि मापी, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, नल-जल योजना, नाली निर्माण, विद्युत आपूर्ति तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन दिया।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जन शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और सभी पदाधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

जनता दरबार के पश्चात लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपील के 11 मामलों की भी सुनवाई की गई। इस दौरान बैरगनिया थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति एवं जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए उन पर ₹5000 का आर्थिक दंड लगाया गया।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
