सुप्पी में प्रशासन का अतिक्रमण पर कड़ा प्रहार, बुलडोजर चलाकर सरकारी जमीन कराई गई मुक्त
सुप्पी (सीतामढ़ी)। सुप्पी प्रखंड के सभा ससौला पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या–3 में प्रखंड प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे को हटाया गया।
अंचलाधिकारी किशुनदयाल राय ने बताया कि वर्ष 2025 में वार्ड संख्या–3 निवासी राजकुमार राउत द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान बासुदेव राम, भिखारी राम, भुनेश्वर राम एवं गणेश पासवान द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई।

जांच उपरांत सभी अतिक्रमणकारियों को एक माह पूर्व भूमि खाली करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति करते हुए पुलिस बल की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। इस मौके पर अंचलाधिकारी किशुनदयाल राय, राजस्व अधिकारी पल्लवी आनंद, थानाध्यक्ष संजीत कुमार, अंचल अमीन, राजस्व कर्मचारी सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
