Inter Exam 2026: परीक्षा से पहले जान लें नियम, आधा घंटा पहले बंद होगा गेट
पटना।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक राज्य भर के 1,762 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष, कदाचार-मुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बोर्ड ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बीएसईबी अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षार्थियों की दो स्तर पर तलाशी ली जाएगी—पहली बार केंद्र में प्रवेश के समय और दूसरी बार परीक्षा कक्ष में वीक्षकों द्वारा। प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक तैनात रहेगा।
10 सेटों में मिलेगा प्रश्न पत्र
नकल रोकने के लिए प्रश्न पत्र 10 अलग-अलग सेटों में तैयार किए गए हैं। सभी सेटों में प्रश्न समान होंगे, लेकिन उनका क्रम अलग-अलग रहेगा। एक ही बेंच पर बैठने वाले परीक्षार्थियों को अलग-अलग सेट का प्रश्न पत्र दिया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, पेजर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र पर पकड़े जाने पर परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा और आगे की कार्रवाई भी हो सकती है।

प्रवेश समय और गेट बंद होने का नियम
परीक्षा दो पालियों में होगी।
प्रथम पाली: सुबह 9:30 बजे से
प्रवेश: 8:30 बजे से
गेट बंद: 9:00 बजे
द्वितीय पाली: दोपहर 2:00 बजे से
प्रवेश: 1:00 बजे से
गेट बंद: 1:30 बजे
परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
13.18 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल
इस वर्ष परीक्षा में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 6.75 लाख छात्राएं और 6.42 लाख छात्र हैं।
अनुशासन उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई
परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर परीक्षार्थियों को दो वर्ष के लिए बोर्ड परीक्षा से निष्कासित किया जा सकता है। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। केंद्र के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू रहेगी।
हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम
परीक्षा से जुड़ी जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए 1 फरवरी से 24 घंटे कंट्रोल रूम कार्य करेगा।
हेल्पलाइन नंबर:
📞 0612-2232257
📞 0612-2232227
बोर्ड ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और किसी भी अफवाह से दूर रहें।
