बाल-महिला सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर नव प्रशिक्षु सिपाहियों को विशेष प्रशिक्षण
सीतामढ़ी पुलिस केंद्र स्थित आनंद भवन सभागार में शनिवार को नव नियुक्त प्रशिक्षु सिपाहियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस सेवा में शामिल नए जवानों को बाल-महिला सुरक्षा, बाल तस्करी की रोकथाम और यातायात अनुशासन जैसे संवेदनशील विषयों पर व्यवहारिक जानकारी देना था।

यह प्रशिक्षण पुलिस उपाधीक्षक सह उप-प्राचार्य, प्रशिक्षण केंद्र सीतामढ़ी, यातायात थाना प्रभारी तथा बचपन बचाओ टीम (NGO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों को महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशील, मानवीय और जिम्मेदार रवैया अपनाने पर विशेष रूप से जोर दिया गया।

वक्ताओं ने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए कहा कि कानून का सही प्रभाव तभी दिखता है, जब उसे संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ लागू किया जाए। बाल तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण में पुलिस की भूमिका को अहम बताते हुए प्रशिक्षुओं से सजग और जिम्मेदार प्रहरी बनने की अपील की गई।

इस अवसर पर यह भी कहा गया कि भयमुक्त समाज ही सशक्त समाज की आधारशिला होता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को बाल तस्करी मुक्त, सुरक्षित और भयमुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल नव सिपाहियों में कर्तव्यबोध को मजबूत करने वाला रहा, बल्कि भविष्य की पुलिसिंग को अधिक मानवीय, संवेदनशील और जनविश्वास से जुड़ा बनाने की दिशा में एक अहम पहल साबित हुआ।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
