आज पेश होगा आम बजट: इनकम टैक्स में राहत के आसार कम, चुनावी राज्यों पर रह सकती है मेहरबानी
New Delhi: वैश्विक चुनौतियों के बीच रविवार को पेश होने वाले केंद्रीय बजट 2026-27 में सरकार का फोकस मैन्यूफैक्चरिंग को बढ़ावा देने और घरेलू मांग मजबूत करने पर रह सकता है। इससे आर्थिक विकास को गति मिलने के साथ आयात घटाने और निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी, हालांकि वैश्विक हालात के चलते निर्यात चुनौतीपूर्ण रहेगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में अपना नौवां बजट पेश करेंगी। बजट में शहरी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों की उत्पादकता बढ़ाने और व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहन देने से जुड़े ऐलान संभव हैं। सेमीकंडक्टर, एआई और अनुसंधान जैसे नए क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया जा सकता है।
चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु को विशेष सौगात मिलने की उम्मीद है। वहीं कर राजस्व की धीमी बढ़ोतरी के कारण इनकम टैक्स में राहत की संभावना कम है। सरकार फिस्कल डिफसिट घटाने, सब्सिडी जारी रखने और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पूंजीगत खर्च बढ़ाने पर भी जोर दे सकती है।

