गांजा कांड में जेल जा चुका युवक चला रहा था नगर थाना की सरकारी गाड़ी, मचा हड़कंप
सीतामढ़ी।
शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब यह खुलासा हुआ कि नगर थाना की सरकारी गाड़ी एक ऐसे युवक द्वारा चलाई जा रही थी, जो पूर्व में गांजा तस्करी के गंभीर मामले में जेल जा चुका है। मामले के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आपराधिक पृष्ठभूमि वाला यह युवक लंबे समय से नगर थाना की सरकारी गाड़ी चला रहा था। इस खुलासे ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि किसकी अनुमति और संरक्षण में एक आपराधिक रिकॉर्ड वाला व्यक्ति पुलिस की सरकारी गाड़ी चला रहा था।
मीडिया में मामला उजागर होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित युवक को तत्काल ड्राइवर के पद से हटा दिया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि केवल ड्राइवर को हटाना पर्याप्त नहीं है। जिस थानाध्यक्ष के कार्यकाल में यह गंभीर लापरवाही हुई, उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इस घटना से पुलिस की छवि को गहरा आघात पहुंचा है और आम जनता के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें वरीय पुलिस अधिकारियों पर टिकी हैं कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

