सीतामढ़ी में जन समस्याओं को लेकर पुलिस अधीक्षक ने की जन शिकायत सुनवाई, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
सीतामढ़ी। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर सीतामढ़ी पुलिस द्वारा प्रतिदिन जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने अपने कार्यालय में लोगों की शिकायतें सुनीं।
जन शिकायत सुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकतानुसार संबंधित पदाधिकारियों को आवेदन अग्रसारित कर जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी नागरिक की शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और हर मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सीतामढ़ी पुलिस का उद्देश्य जन संवाद को मजबूत करना और जनता का विश्वास कायम रखना है, ताकि नागरिक बिना भय के अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकें और उन्हें न्याय मिल सके।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
