ट्रंप के टैरिफ कट के बाद सियासत गरमाई, कांग्रेस का पीएम मोदी पर तंज – “मोगैम्बो वाशिंगटन में खुश है”
International: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ में कटौती की घोषणा के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का ऐलान किया है। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले का स्वागत किया है, वहीं कांग्रेस ने इसे लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अहम फैसलों की घोषणा अब नई दिल्ली की बजाय वाशिंगटन से हो रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए व्यंग्य किया, “मोगैम्बो वाशिंगटन में साफ तौर पर खुश है।”
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कई बड़े फैसलों में अमेरिकी पक्ष की पहल नजर आई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए ऑपरेशन सिंदूर के निलंबन की घोषणा, रूस और वेनेजुएला से तेल खरीद को लेकर भारत की स्थिति और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की जानकारी का हवाला दिया। उनका कहना था कि इन घटनाओं से यह संदेश जाता है कि भारत दबाव में है।

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच खुला सौहार्द दिखता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री उनके सामने असहज नजर आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस व्यापार समझौते को बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है, जबकि इसे किसी भी तरह से ऐतिहासिक नहीं कहा जा सकता।
उधर, राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर टैरिफ घटाने की घोषणा करते हुए इसे भारत-अमेरिका के बीच नए व्यापार समझौते का नतीजा बताया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत कर उन्हें खुशी हुई है और ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटने से दोनों देशों के बीच व्यापारिक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूती मिलेगी।
