पटना में फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश, 15 महिलाओं सहित 22 साइबर ठग गिरफ्तार
पटना: बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कॉल सेंटर की आड़ में चल रहे साइबर ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस संयुक्त अभियान में पटना पुलिस और साइबर अपराध इकाई ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 15 महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह कॉल सेंटर के जरिए लोगों को फोन कर खुद को सरकारी और निजी संस्थानों का प्रतिनिधि बताता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी साइबर कैफे के माध्यम से आम लोगों का निजी डेटा अवैध रूप से हासिल करते थे और फिर उसी जानकारी का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेते थे।
यह भी पढें: ‘TRADE LIKE MALIKA’ नाम से चल रहा ठगी का खेल, साइबर क्राइम की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल https://ipnewsflash.in/telegram-investment-scam-trade-like-malika-cyber-crime-failure/
ठाणे साइबर कैफे की डीएसपी संगीता ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई और सभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 53 मोबाइल फोन, 19 लैपटॉप, एक डेस्कटॉप कंप्यूटर, 12 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसके जरिए करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी किए जाने की आशंका है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस उनके अन्य साथियों व नेटवर्क की भी तलाश कर रही है।

यह भी पढें: TRADE LIKE MALIKA’ नाम से चल रहा ठगी का खेल, साइबर क्राइम की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल
