दरभंगा में आठ वर्षीय बच्ची से रेप और हत्या, आरोपी गिरफ्तार, इलाके में तनाव

दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आठ वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। देर रात बच्ची का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने आरोपी को जनता के हवाले करने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस द्वारा लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव भी किया, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। हालात काबू में आने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

मृत बच्ची मूल रूप से सुंदरपुर की रहने वाली थी और वर्तमान में पटवा पोखर मोहल्ले में अपने ननिहाल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम वह अन्य बच्चियों के साथ पटवा पोखर के पास खेल रही थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान इलाके में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर बच्ची के मामा पोखर के पास पहुंचे, जहां बच्ची का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के आधार पर साथ खेल रही बच्चियों ने आरोपी की पहचान की, जिन्होंने बताया कि आरोपी बच्ची को अंधेरे की ओर ले जाते हुए देखा गया था।

स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय, मब्बी, नगर, सदर और कोतवाली थाना की पुलिस दंगा नियंत्रण बल के साथ इलाके में कैंप कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
