सदर अस्पताल में रोस्टर व्यवस्था पर उठे सवाल, एक कर्मी पर कई विभागों की जिम्मेदारी का आरोप
सीतामढ़ी के सदर अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल में एक ही व्यक्ति को लेबर रूम, एनसी (न्यूबॉर्न केयर) और ट्रायज जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है, जिससे कार्यप्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार संबंधित कर्मी लंबे समय से एक ही पद पर बने हुए हैं और रोस्टर तैयार करने की प्रक्रिया स्पष्ट एवं पारदर्शी नहीं है। कुछ लोगों का आरोप है कि ड्यूटी रोस्टर में नाम शामिल करने के लिए अवैध रूप से पैसे लिए जाते हैं और बिना लेन-देन के रोस्टर तैयार नहीं किया जाता। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर चर्चा तेज हो गई है। अब तक अस्पताल प्रबंधन या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। यदि आरोपों में सच्चाई पाई जाती है, तो यह स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर सकता है।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
