आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में डीएम सख्त, खाद्यान्न गबन मामलों में वारंट जारी करने के निर्देश

0
image_editor_output_image845836945-17709176865175437634247860866822

सीतामढ़ी। समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में गुरुवार को आपूर्ति एवं अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की बैठक जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), खाद्यान्न उठाव एवं वितरण की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई।


समीक्षा के दौरान एसएफसी (राज्य खाद्य निगम) से संबंधित मामलों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। रीगा एवं रुन्नीसैदपुर प्रखंड में खाद्यान्न गबन के आरोपित सहायक गोदाम प्रबंधकों के विरुद्ध दर्ज नीलाम पत्रवाद में तेजी लाने और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि संबंधित मामलों में शीघ्र वारंट निर्गत कराने की कार्रवाई की जाए। साथ ही अनुसंधान में तेजी लाने के लिए अनुसंधानकर्ता को आवश्यक निर्देश देने और पुलिस अधीक्षक से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।


बैठक में जानकारी दी गई कि चालू माह में खाद्यान्न उठाव 76.15 प्रतिशत तथा वितरण 29.9 प्रतिशत रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने और सभी पात्र लाभुकों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र परिवार को योजना के लाभ से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।


इसके अतिरिक्त अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान कर नियमानुसार कार्ड रद्द करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।


बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पीडीएस में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: नसीम अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed