परिहार अंचल कार्यालय में जनता दरबार: नई सीओ ज्योति कुमारी की सक्रिय पहल से लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन
सीतामढ़ी जिले के परिहार अंचल कार्यालय में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता नवपदस्थापित अंचलाधिकारी ज्योति कुमारी ने की। इस दौरान बेला और परिहार थाना क्षेत्र से आए लोगों ने भूमि विवाद, सीमांकन और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
अंचलाधिकारी ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित पक्षों से जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। कई पुराने मामलों में आपसी सहमति बनवाकर मौके पर ही समाधान कराया गया। कुल 11 नए मामलों की सुनवाई की गई, जबकि 6 लंबित मामलों का निष्पादन कर दिया गया।

सीओ ज्योति कुमारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम लोगों को त्वरित और पारदर्शी न्याय मिले। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नई अंचलाधिकारी के पदभार संभालने के बाद कार्यालय में कार्यों की गति तेज हुई है और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई हो रही है। जनता दरबार को क्षेत्र में जनहित की प्रभावी पहल माना जा रहा है।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
