कन्हौली बाजार में आधी रात भीषण डकैती, बमबारी से दहला इलाका — लाखों की लूट

0
img-20260214-wa00148969749872682532319

सीतामढ़ी जिले के सीमावर्ती कन्हौली बाजार में शनिवार देर रात हथियारबंद डकैतों ने ताबड़तोड़ हमला कर इलाके में दहशत फैला दी। करीब दो दर्जन नकाबपोश अपराधी रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच रामा शंकर गुप्ता के घर में घुस गए। घर में ही उनका जनरल स्टोर्स और किराना व्यवसाय संचालित होता है।


डकैतों ने घुसते ही गृहस्वामी के साथ मारपीट की और हथियार के बल पर अलमारियों की चाबी छीन ली। इसके बाद जेवरात और नकदी समेटनी शुरू कर दी। इसी बीच दवा लेकर लौट रहे पुत्र शत्रुघ्न गुप्ता को भी कट्टा और धारदार हथियार दिखाकर आतंकित किया गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने शोर मचाया तो अपराधियों ने भीड़ को डराने के लिए कई बम फोड़े। लगातार धमाकों से पूरा बाजार दहल उठा और अफरातफरी मच गई।


चौकीदार सिकंदर राय, इंदल राउत और राम चंद्र राय पर भी बम फेंके गए, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डकैत करीब 6–7 भर सोना, 50 भर चांदी के जेवरात और 60–70 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। वास्तविक नुकसान का आकलन अभी जारी है।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन और डीएसपी टू आशीष आनंद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।


घटना के बाद कन्हौली बाजार के व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

रिपोर्ट: नसीम अहमद

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed