सीतामढ़ी के डुमरा में विकास ज्वेल्स में फिर चोरी, तीन महीने में दूसरी वारदात से दहशत
सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र स्थित बाजिदपुर चौक में एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। विकास ज्वेल्स नामक आभूषण दुकान में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। लगातार दूसरी बार हुई इस वारदात से इलाके के व्यवसायियों में आक्रोश और भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा और तुरंत दुकानदार व पुलिस को सूचना दी। दुकान संचालक पप्पू कुमार ने बताया कि 19 दिसंबर को भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी, जिसमें लाखों रुपये के जेवरात चोरी हो गए थे। तीन महीने के भीतर दूसरी घटना ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।

सूचना मिलते ही डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और खोजी कुत्तों की मदद से भी सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने और रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल बाजिदपुर चौक और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद
