सीतामढ़ी: भारत–नेपाल सीमा पर सुरक्षा को लेकर पुलिस का रात्रि पैदल मार्च
सीतामढ़ी जिले में भारत–नेपाल सीमा से सटे सोनबरसा थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पुलिस प्रशासन ने रात्रि पैदल मार्च किया। इस संयुक्त अभियान में पुलिस उप-महानिरीक्षक (तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर) एवं पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी की मौजूदगी रही।

रात्रि मार्च के दौरान सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित थाना एवं प्रतिनियुक्त बल को रात में गश्ती बढ़ाने, सघन वाहन जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अभियान का उद्देश्य सीमा क्षेत्र में रात्रिकालीन सुरक्षा को मजबूत करना और अवैध व असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना बताया गया।

इसके साथ ही भारत–नेपाल सीमा की सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए सशस्त्र सीमा बल (SSB) के साथ समन्वय बढ़ाने, संयुक्त गश्ती को प्रोत्साहित करने तथा सूचनाओं के त्वरित और नियमित आदान-प्रदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमित रूप से ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
