सीतामढ़ी में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक, फाइलेरिया, टीकाकरण और मातृ स्वास्थ्य पर जोर
सीतामढ़ी के समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारियों, अस्पताल प्रबंधन और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में फाइलेरिया नियंत्रण के तहत चल रहे “सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम” की प्रगति की समीक्षा की गई और 26 से 28 फरवरी तक विद्यालयों में शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परिवार नियोजन पखवाड़ा को लेकर समुदाय में जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए छूटे हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रसव पूर्व जांच की गुणवत्ता बेहतर करने और भव्या पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई।
सदर अस्पताल में सुविधाओं में सुधार और बेलसंड अनुमंडलीय अस्पताल में जल्द सी-सेक्शन सुविधा शुरू करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में सिविल सर्जन ने सभी कर्मियों से समन्वय के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच बेहतर बनाने का आह्वान किया।
