सुरसंड में भीषण आग, दवा और जूते की दो दुकानें जलकर राख
सीतामढ़ी: सुरसंड थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मुख्यालय स्थित अस्पताल गली रोड में शनिवार देर शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दो प्रतिष्ठित दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
अगलगी की इस घटना में गौरी कुमार की दवा दुकान और सुशील दुबे का शू सेंटर पूरी तरह स्वाहा हो गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब दो लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग की लपटें तेज होने के कारण मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान आसपास के ग्रामीणों ने भी साहस दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका, लेकिन तब तक दुकानों में रखा कीमती सामान जलकर बर्बाद हो चुका था।
बाजार के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों में शोक और चिंता का माहौल है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

