यातायात व्यवस्था में अनुशासन और पारदर्शिता पर जोर, एसपी का सख्त संदेश
सीतामढ़ी: जिले में यातायात व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से रविवार को विशेष ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। यह ब्रीफिंग पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देश पर यातायात थाना द्वारा आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान यातायात थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों और गृहरक्षकों को ड्यूटी के समय निर्धारित वर्दी पहनने के सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रैफिक बंडी यानी रिफ्लेक्टिव जैकेट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर दिया गया, ताकि सड़क पर उनकी स्पष्ट पहचान हो सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

संध्या और रात्रि ड्यूटी के दौरान बैटन लाइट के नियमित प्रयोग का निर्देश भी दिया गया, जिससे अंधेरे में यातायात नियंत्रण के दौरान सुरक्षा और प्रभावशीलता बनी रहे। इसके अलावा बॉडी वॉर्न कैमरा के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया गया, ताकि ड्यूटी के दौरान पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी शिकायत या विवाद की स्थिति में प्रमाण उपलब्ध हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आमजन की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
