ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार का नया कार्यालय शुरू, शहीद ड्राइवर के परिवार को मिला 17 लाख का मुआवजा

0
img-20260227-wa00088762040498361736660

सीतामढ़ी के बरियारपुर में ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। समारोह में प्रदेश और जिला कमिटी के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ड्राइवर साथियों की मौजूदगी रही, जहां संगठन की एकजुटता और सामाजिक प्रतिबद्धता साफ झलकती दिखी।


कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब उड़ीसा में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सीतामढ़ी निवासी ड्राइवर के परिजनों को 17 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद केस लड़कर यह मुआवजा दिलाया गया। उन्होंने इसे संगठन की मजबूती और समर्पण का परिणाम बताया, जिससे दूर प्रदेश में भी ड्राइवर को न्याय मिल सका और परिवार को आर्थिक सहारा मिला।


कार्यालय का उद्घाटन प्रदेश कमिटी के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र राय, मीडिया प्रभारी रविरंजन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला कमिटी में जिला अध्यक्ष बिकाऊ साह, उपाध्यक्ष सलीम अंसारी, जिला प्रभारी जाफिर अंसारी, कोषाध्यक्ष गुड्डू साह, सचिव दिनेश बैठा और उपसचिव फेकन राय समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं प्रदेश स्तर पर पटना अध्यक्ष मोनू सिंह, उपाध्यक्ष आदर्श कुमार, मीडिया प्रभारी राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार, संजय कुमार और नितेश कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ड्राइवर समाज अक्सर सड़क दुर्घटनाओं, कानूनी जटिलताओं और आर्थिक असुरक्षा से जूझता है। ऐसे समय में एक मजबूत संगठन ही उनका सहारा बनता है। संगठन का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ित ड्राइवरों को कानूनी सहायता दिलाना, मृतक ड्राइवरों के परिवार को आर्थिक सहयोग देना, ड्राइवरों के अधिकारों की रक्षा करना, बीमा और सुरक्षा के लिए आवाज उठाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाना है।


नेताओं ने कहा कि बरियारपुर में कार्यालय खुलने से सीतामढ़ी के ड्राइवरों को स्थानीय स्तर पर मार्गदर्शन और त्वरित सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने ड्राइवर समाज के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। नया कार्यालय ड्राइवरों की एकता, संघर्ष और अधिकारों की नई शुरुआत का प्रतीक बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed