“सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम में डीएम ने सुनीं जन समस्याएं
सीतामढ़ी में बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत चल रहे “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत समाहरणालय में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, बिजली, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड और अतिक्रमण से जुड़े कई परिवाद प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले की समीक्षा देख संबंधित विभागों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के निष्पादन में अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर शिकायत का समाधान निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सेवा-संवाद-समाधान जैसे कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
